
नोवामुंडी प्रखंड परिसर में बुधवार को ‘उन्नति का पहिया’ साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड के आठ विद्यालयों के 54 छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। इनमें 23 छात्र और 31 छात्राएं शामिल हैं।साइकिल का वितरण प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार ने किया। कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। साइकिल मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।

मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की ओर से विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराने का उद्देश्य विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानी को कम करना और उनकी पढ़ाई को निर्बाध बनाए रखना है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर विद्यालय पहुंचने, साइकिल का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ विद्यालय तक उनकी पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को साइकिल का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।
