
कांड्रा : कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर बीती रात एक सड़क दुर्घटना घटित हुई। पुराना पोस्ट ऑफिस के पास आटा से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क के बीच बने सीमेंटेड डिवाइडर में जा घुसा। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ट्रक चालक मुकेश कुमार ने बताया कि हादसा रात करीब 2:00 बजे का है। ट्रक पटना से आटा लादकर कांड्रा मार्ग होते हुए ओडिशा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कांड्रा स्थित पुराने पोस्ट ऑफिस के पास सड़क के बीचों-बीच बने सीमेंट के डिवाइडर में ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे जा घुसा। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। हादसे में ट्रक के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही कांड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
