
जमशेदपुर। महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की पावन रथयात्रा के शुभ अवसर पर ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब, काशीडीह द्वारा आगामी श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव–2026 के भव्य पूजा पंडाल का भूमि पूजन पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर क्लब के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों के साथ काशीडीह बस्ती के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भूमि पूजन का शुभ अनुष्ठान सुश्री गरिमा सिंह के करकमलों द्वारा संपन्न कराया गया। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर क्लब के मुख्य संरक्षक श्री अभय सिंह ने कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा सनातन संस्कृति में आस्था, सेवा, समर्पण और लोककल्याण का प्रतीक है। ऐसे पावन एवं शुभ अवसर पर माँ जगदंबा के भव्य पूजा पंडाल का भूमि पूजन होना अत्यंत शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ एवं माँ दुर्गा की असीम कृपा से इस वर्ष का श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव–2026 श्रद्धा, संस्कृति और भव्यता का अनुपम संगम बनेगा।

उन्होंने कहा कि ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब, काशीडीह के सभी सदस्य अभी से ही दुर्गा पूजा महोत्सव–2026 की तैयारियों में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुट गए हैं। इस वर्ष मेला क्षेत्र को और अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने, भव्य एवं कलात्मक पूजा पंडाल के निर्माण, माँ दुर्गा की दिव्य एवं मनमोहक प्रतिमा की स्थापना तथा समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली थीम पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। क्लब का प्रयास रहेगा कि इस वर्ष भी पंडाल अपनी भव्यता, कलात्मकता और सामाजिक संदेश के कारण पूरे जमशेदपुर शहर में आकर्षण का केंद्र बने।
आगे श्री अभय सिंह ने बताया कि आगामी श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव–2026 के दौरान आयोजित होने वाले महाभोग की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की। क्लब की ओर से प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी सभी शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभोग प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। महाभोग में 20,000 से अधिक श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावित रूपरेखा तैयार की जा रही है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से माँ दुर्गा का प्रसाद प्राप्त कर सके।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष महाभोग को और अधिक स्वादिष्ट, पारंपरिक एवं दिव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध एवं कुशल कारीगरों (रसोइयों) द्वारा महाभोग तैयार कराने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में कारीगरों से प्रारंभिक सहमति भी बन चुकी है। क्लब का प्रयास रहेगा कि माँ दुर्गा के चरणों में अर्पित होने वाला महाभोग अपनी शुद्धता, गुणवत्ता एवं पारंपरिक स्वाद के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बने।
क्लब की ओर से सभी शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं को आगामी श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव–2026 में सपरिवार पधारने तथा माँ दुर्गा के दर्शन, पूजा-अर्चना एवं महाभोग प्रसाद ग्रहण करने का स्नेहपूर्ण आमंत्रण दिया जाएगा।
भूमिपूजन में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में एक विस्तृत तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें क्लब के वरिष्ठ सदस्य, युवा कार्यकर्ता, महिला सदस्य एवं सभी सहयोगी भाग लेकर दुर्गा पूजा महोत्सव–2026 की तैयारियों को भव्य रूप देंगे।
भूमि पूजन कार्यक्रम के समापन के उपरांत उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा एवं महाप्रभु श्री जगन्नाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्लब के अध्यक्ष श्री निर्भय सिंह, कोषाध्यक्ष श्री ऐश्वर्य सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुनील दास, सुशील श्रीवास्तव, अंकित मोदी, नीरज गुप्ता, पुत्तन सैनी, विद्याशंकर गुप्ता,श्याम खंडेलवाल, तुषार अग्रवाल, सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं काशीडीह बस्ती के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
