
संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी प्रखंड में आहार दिवस के मौके पर भी प्रशासन की सख्त निगरानी देखने को मिली। एलआरडीसी अनिता केरकेट्टा ने भारी बारिश के बावजूद पांच पीडीएस दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक पंजी, अनाज वितरण व्यवस्था और गोदाम की गहन जांच की गई।
निरीक्षण की शुरुआत संग्राम साई स्थित पंकज सिंघानिया की पीडीएस दुकान से हुई, जहां स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच की गई। इसके बाद सभीपीडीएस दुकान का निरीक्षण किया गया। सभी दुकानों पर अनाज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इसके बाद क्रमवार लवकुश रजक , उजाला महिला समिति , बाजार स्थित महेंद्र राम तथा स्टेशन रोड स्थित बलराम सोलंकी की पीडीएस दुकानों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान एलआरडीसी अनिता केरकेट्टा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी दुकानदार समय पर दुकान खोलें और राशन कार्डधारियों को बिना किसी परेशानी के अनाज का वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भारी बारिश के बीच हुए इस निरीक्षण ने नोवामुंडी में पीडीएस व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता को एक बार फिर स्पष्ट कर दिया।
