
कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंडराबेड़ा गांव में देर रात एक विशालकाय कोबरा सांप निकलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। यह घटना गांव के निवासी अशिक कर्मकार के घर की है। मिली जानकारी के अनुसार, देर रात जब परिवार के सदस्य घर में काम निपटा रहे थे, तभी उनकी नजर अचानक रेंगते हुए कोबरा सांप पर पड़ी। घर में कोबरा को देख परिजनों के होश उड़ गए और आस-पास के लोग भी डर के साए में आ गए। परिवार वालों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय सर्प मित्र सुल्तान मिर्जा को दी।
कड़ी मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू
सूचना मिलते ही सर्प मित्र सुल्तान मिर्जा देर रात ही मौके पर पहुंचे। घर के एक कोने में छिपे विषैले कोबरा को पकड़ना काफी जोखिम भरा था, लेकिन सुल्तान मिर्जा ने भारी मशक्कत और सूझबूझ के बाद सांप को सुरक्षित काबू में कर लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
