
संवाददाता, नोवामुंडी
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी पप्पू रजक ने आज प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बूथों का बाइक से दौरा कर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया और कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इस क्रम में वे बाजार निवासी मुकेश ठाकुर के सैलून पर पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ संख्या 92 की बीएलओ विनोती तिग्गा द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ से फॉर्म भरने की प्रक्रिया और प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ पप्पू रजक ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और सभी पात्र नागरिकों का एसआईआर फॉर्म अनिवार्य रूप से भरा जाए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने-अपने फॉर्म समय पर भरें और एक जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता होने का परिचय दें।
