
नोवामुंडी, सोमवार, 29 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 30 जून से 29 जुलाई 2026 को लेकर नोवामुंडी कॉलेज के भीमराव अम्बेडकर हाल में नोवामुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री पप्पु रजक द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
दीप प्रज्वलन के उपरांत उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री पप्पू रजक ने कहा कि एसआईआर -2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही एक सशक्त एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रणाली का निर्माण संभव है।

उन्होंने बताया कि देश में आठ बार एसआईआर की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है तथा झारखंड राज्य में अंतिम बार वर्ष 2003 में एसआईआर का आयोजन किया गया था। पुनः इस विशेष अभियान को शुरू किया गया है, ताकि मतदाता सूची में केवल पात्र एवं वास्तविक मतदाताओं के नाम ही दर्ज रह सकें।
श्री रजक ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद-326 के अनुसार प्रत्येक भारतीय नागरिक, जिसकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है तथा जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी है, उसे मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने बीएलओ की भूमिका की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर नियुक्त बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे एवं 2 बजे के बाद अपने अपने बूथ पर कार्य का संपादन करेंगे तथा नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम जुड़वा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी मतदाता के नाम, पिता या पति के नाम, जन्म तिथि, लिंग, फोटो अथवा पते में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से बीएलओ के पास आवेदन कर आवश्यक सुधार करा सकता है। इसके अतिरिक्त, यदि कोई मतदाता स्थायी रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर चला गया है, तो वह अपने नए पते के आधार पर मतदाता सूची में अपना नाम स्थानांतरित करा सकता है।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोजीत विश्वास ने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा अपने परिवार, पड़ोस और समाज के लोगों को भी मतदाता सूची की जांच एवं आवश्यक सुधार कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुदृढ़ लोकतांत्रिक व्यवस्था का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर कालेज के सहायक प्राध्यापक पी एन महतो, साबिद हुसैन, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, संतोष पाठक, कुलजिंदर सिंह, क्रांति मिश्रा, धनी राम महतो, दिवाकर गोप, भवानी कुमारी, सुमन चातोम्बा, मंजू लता सिंकू सहित काफी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
