
नोवामुंडी, लार्सन एंड टुब्रो कंस्ट्रक्शन एंड माइनिंग मशीनरी, नोवामुंडी द्वारा मनाए जा रहे “एल एंड टीयरिंग डे 2026” के अवसर पर नोवामुंडी कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोजीत विश्वास के दिशानिर्देश तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन लार्सन एंड टुब्रो के चेयरमैन एमेरिटस श्री ए. एम. नाइक की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर कुल 100 फलदार पौधे लगाए गए, जिनमें आम, कटहल तथा अमरूद के पौधे शामिल थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वन विभाग के अधिकारी श्री आलोक रंजन महतो उपस्थित थे। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों के इस कार्य के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ लोगों को प्रत्यक्ष लाभ भी प्रदान करेगा। लार्सन एंड टुब्रो कंस्ट्रक्शन एंड माइनिंग मशीनरी, नोवामुंडी की ओर से वी. राजेश (प्रोजेक्ट मैनेजर), हिमांशु शेखर प्रधान (सेफ्टी ऑफिसर), निखिल कुमार (एचआर असिस्टेंट) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, कॉलेज के एनएसएस वॉलेंटियर्स एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मनोजीत विश्वास ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लार्सन एंड टुब्रो के इस सामाजिक एवं पर्यावरणीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपनी माँ के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल का दायित्व भी निभाएं।
कंपनी के अधिकारियों में प्रोजेक्ट मैनेजर श्री वी. राजेश ने कहा कि “एल एंड टीयरिंग डे” समाज सेवा को समर्पित एक विशेष पहल है, जिसके अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय परिवार एवं कंपनी के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में लार्सन एंड टुब्रो द्वारा महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं कार्यक्रम से जुड़े सदस्यों को आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।
