
गम्हरिया : बेकाबू ट्रक की टक्कर से रात 12:30 बजे से बिजली गुल, 6 नंबर फीडर के 100 से अधिक गांवों में ब्लैकआउट
गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां): गम्हरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत उषा मार्टिन के समीप श्याम लाल कंपनी के सामने बीती रात करीब 12:30 बजे एक अनियंत्रित ट्रक ने बिजली के खंभे (पोल) को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे के कारण पोल पर मौजूद 11,000 वोल्ट (11 KV) का हाई-टेंशन तार टूटकर जल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सब-स्टेशन का ‘वी-ब्रेकर’ (V-Breaker) भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है
रात भर अंधेरे में रहे ग्रामीण, जनजीवन ठप
इस हादसे के चलते 6 नंबर फीडर से दी जाने वाली बिजली आधी रात से ही पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे इससे जुड़े करीब 100 से भी अधिक गांवों में ब्लैकआउट छा गया है। आधी रात 12:30 बजे अचानक बत्ती गुल होने से ग्रामीणों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों को पूरी रात जागकर अंधेरे में बितानी पड़ी। सुबह होते ही पानी की किल्लत और दैनिक कार्यों को लेकर लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
मरम्मत कार्य में जुटा बिजली विभाग
विभाग का बयान:
बिजली विभाग के कर्मचारियों के अनुसार, “हादसे के कारण नुकसान काफी अधिक हुआ है, लेकिन हमारी टीम मौके पर तैनात है। जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति को सुचारू रूप से फिर से बहाल कर दिया जाएगा।”
