
संवाददातॎ, नोवामुंडी
प्रोजेक्ट जागृति उदय अभियान के तहत बुधवार को नोवामुंडी प्रखंड के टोंन्टोपोसी गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य शिविर एवं मलेरिया रोधी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आभा कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर का लाभ बारबुरा,
कोरलासाई,दानाउली, गुटुसाई और टोंन्टोपोसी गांव के ग्रामीणों ने उठाया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई तथा आभा कार्ड बनवाए। कई लोगों का आभा कार्ड बनाने के लिए पंजीकरण भी किया गया। शिविर में मौके पर ही 39 आभा कार्ड बनाए गए, जबकि 60 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह स्वास्थ्य शिविर 14 जून तक जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका कौनको देवी, सहिया साथी मंजू चाम्पिया, एमपीडब्ल्यू कमल सिंकु, सीएचओ मेरी केरकेट्टा सहित विभिन्न गांवों के अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।

