
नोंवामुडी संकुल संगठन के द्वारा माहवारी स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य को लेकर “चुप्पी तोड़ो, स्वास्थ्य रहो” अभियान के तहत सोमवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली प्रखण्ड परिसर से शुरू होकर डी वी सी काली मंदिर तक पहुंची। इस दौरान संकुल संगठन की सभी दीदियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और माहवारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने लोगों से माहवारी जैसे विषय पर खुलकर चर्चा करने और इसे सामान्य जैविक प्रक्रिया के रूप में स्वीकार करने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीपीएम रूपेश कुमार, सरविन सिन्हा, दीपक प्रधान एवं रेशमा कुमारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
