
नोवामुंडी। थाना क्षेत्र के कांडे नाला पुलिया के निकट बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बड़ा जाम्दा बस्ती निवासी 27 वर्षीय युवक प्यारे मोहन कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, प्यारे मोहन नोवामुंडी से अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कांडे नाला पुलिया के समीप अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर बेहद बुरी तरह से गिर पड़ा। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि युवक के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्परता दिखाई और मौके पर पहुँचकर तुरंत टिस्को (टाटा स्टील) अस्पताल की एम्बुलेंस को कॉल किया। पुलिस की मदद से घायल युवक को अविलंब टिस्को अस्पताल, नोवामुंडी के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक युवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अंदरूनी चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने अविलंब सीटी स्कैन (CT Scan) कराने की सलाह दी है। खबर लिखे जाने तक अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में युवक का इलाज जारी था।
इधर, जैसे ही इस अनहोनी की खबर प्यारे मोहन के घर पहुँची, परिवार में कोहराम मच गया। युवक की वृद्ध माँ और उसकी पत्नी अपनी गोद में एक मासूम दूधमुंही बच्ची को लिए बदहवास हालत में भागते-भागते अस्पताल पहुँचीं। अस्पताल परिसर में जिंदगी और मौत से जूझ रहे प्यारे मोहन को देख उसकी पत्नी और माँ का रो-रोकर बुरा हाल था। अपनी गोद में सोई मासूम बच्ची से बेखबर बिलखती पत्नी और माँ की चीखें सुनकर अस्पताल में मौजूद हर शख्स की आँखें नम हो गईं। वहाँ उपस्थित पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह ढाढस बंधाकर रोते-बिलखते परिजनों को संभालने का प्रयास किया।
