
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए नोवामुंडी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च नोवामुंडी थाना परिसर से शुरू होकर जामा मस्जिद परिसर, रेल फाटक, नोवामुंडी बाजार, पेट्रोल पंप, स्टेशन रोड, बाजार चौक होते हुए डीवीसी चौक तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों से पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
मार्च में सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, सब-इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह, राजीव रंजन समेत जिला पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में भय पैदा करना है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार का दुष्प्रचार या भ्रामक सूचना फैलने न पाए।
जानकारी के अनुसार, नोवामुंडी की छोटी मस्जिद में सुबह 6:45 बजे, डीपीएस मस्जिद में सुबह 7:00 बजे तथा नोवामुंडी ईदगाह में सुबह 7:30 बजे बकरीद की नमाज अदा की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
