
नोवामुंडी प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को जनगणना कार्य के दौरान फील्ड में आ रही समस्याओं एवं तकनीकी परेशानियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को मुख्य रूप से शामिल किया गया था। बैठक के दौरान जनगणना कार्य में उत्पन्न हो रही विभिन्न कठिनाइयों, विशेषकर HLO ऐप से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ियों तथा फील्ड स्तर पर आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की विस्तृत जानकारी ली गई और उनके त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान फील्ड ट्रेनर सोमनाथ पति ने जनगणना कार्य को त्रुटिहीन और सुचारू रूप से संचालित करने के संबंध में कई आवश्यक दिशा-निर्देश व जानकारियां दीं। उन्होंने ऐप के सही इस्तेमाल और डाटा एंट्री को लेकर प्रगणकों की शंकाओं को दूर किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक रविंद्र कुमार सिंह देव, जनगणना सेल से शिक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
