
लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पश्चिमी सिंहभूम द्वारा लोगों को राहत पहुंचाने एवं जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर तथा डालसा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में जैतगढ़ साप्ताहिक हाट बाजार परिसर में शीतल जल एवं ORS वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी प्रमिला पात्रो ने राहगीरों, मजदूरों और बाजार पहुंचे लोगों को ठंडा पानी एवं ORS पिलाकर गर्मी से बचाव की जानकारी दी। साथ ही विधिक जागरूकता से संबंधित हैंडबिल भी वितरित किए गए।

इस दौरान लोगों को बताया गया कि वर्तमान समय में पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, बाहर जाते समय सिर एवं शरीर को पूरी तरह ढककर रखने तथा लगातार पानी, ORS, नींबू पानी, सत्तू एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई।
डालसा टीम ने लोगों को तरबूज, खीरा, ककड़ी और मौसमी फलों के सेवन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खाली पेट घर से बाहर न निकलें। तेज धूप में अधिक देर रहने से चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसी समस्या होने पर तुरंत अस्पताल जाकर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया।

डालसा के इस सराहनीय प्रयास से बाजार में मौजूद लोगों ने राहत महसूस की तथा गर्मी से बचाव के प्रति जागरूकता दिखाई।
