
नोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र स्थित उच्च विद्यालय कोटगढ़ में गुरुवार को कक्षा 6वीं की छात्राओं के बीच स्कूल पोशाक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 26 छात्राओं को स्कूल ड्रेस प्रदान कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से भरा रहा।
विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव सह क्षेत्रीय मानकी निरंजन बोबोंगा एवं समिति अध्यक्ष सह ग्रामीण मुंडा डेबरा बालमुचू के हाथों छात्राओं के बीच पोशाक का वितरण किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को शिक्षा से जोड़कर रखना समाज की बड़ी जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से यह पहल की गयी है, ताकि छात्राएँ अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रख सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय मानकी निरंजन बोबोंगा ने कहा कि विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 1983 में हुई थी और लंबे इंतजार के बाद वर्ष 2024 में विद्यालय को स्थायी प्रस्वीकृति प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि विद्यालय का मैट्रिक परीक्षा परिणाम लगातार बेहतर रहा है तथा बीते वर्षों में 97 से 99 प्रतिशत तक परीक्षाफल दर्ज किया गया है, जो विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि आज बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा छात्राओं को पोशाक देकर उन्हें उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व सचिव बाणेश्वर नायक, सदस्य बिकराम तिरिया, प्रधान शिक्षक हाथीराम मुंडारी, शिक्षिका जयासिनी नायक, बविता नायक, पारसमणि बेहरा, मो. यासीन, रोयवारी केडाई, संदीप कुमार गोप, सरिता पान, शकुंतला नायक, मोती पुरती, बेलस हबिल कुजूर, किरण लाहा एवं संजना जारिका सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
