
प्रतिनिधि, नोवामुंडी जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण कार्य का शनिवार से नोवामुंडी प्रखंड में विधिवत शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विशेष संदेश जारी करते हुए जनगणना कार्य से जुड़े सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, फील्ड ट्रेनर्स, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों से जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।बीडीओ ने कहा कि नोवामुंडी प्रखंड के 232 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक की जिम्मेदारी 232 प्रगणक और 38 पर्यवेक्षकों के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि यह कार्य सिर्फ मकानों की गिनती नहीं, बल्कि आने वाले 10 वर्षों की सरकारी योजनाओं की मजबूत बुनियाद तैयार करने का कार्य है।उन्होंने प्रगणकों को संबोधित करते हुए कहा कि जब वे किसी घर पर नंबर अंकित करते हैं तो उस परिवार को भारत के नक्शे पर पहचान मिलती है। स्कूल, अस्पताल, चापाकल और अन्य सुविधाओं का विवरण सरकार को यह बताने में मदद करेगा कि नोवामुंडी क्षेत्र को और किन विकास कार्यों की आवश्यकता है।कोई घर न छूटे, कोई तथ्य गलत न होजनप्रतिनिधियों व पंचायत प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपीलप्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी प्रगणकों से तीन प्रमुख अपेक्षाएं जताईं— कार्य में शुद्धता, समयबद्धता और संवेदनशीलता। उन्होंने कहा कि कोई भी घर छूटना नहीं चाहिए और किसी प्रकार की गलत प्रविष्टि नहीं होनी चाहिए, क्योंकि एक छोटी गलती किसी जरूरतमंद का अधिकार प्रभावित कर सकती है।उन्होंने पर्यवेक्षकों को टीम लीडर बताते हुए कहा कि वे प्रगणकों का मार्गदर्शन करें और फील्ड में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।इसके साथ ही मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, मुंडा, मानकी,सचिव और रोजगार सेवकों से भी जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई। बीडीओ ने कहा कि यह सिर्फ विभागीय कार्य नहीं बल्कि नोवामुंडी के सम्मान और विकास से जुड़ा अभियान है।उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान धूप, बारिश, बंद घर या अन्य कठिनाइयां आएंगी, लेकिन सभी कर्मियों को निरंतर कार्य करते रहना है। जिला स्तर से प्राप्त होने वाली सामग्री एवं किट समय पर उपलब्ध कराई जाएगी तथा आईडी-पासवर्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सेंसेस सेल के तकनीकी विशेषज्ञ लगातार सहयोग करेंगे।अंत में उन्होंने सभी कर्मियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि उनका एचएलबी पूरे जिले में सर्वश्रेष्ठ बने।
