
संवाददाता, नोवामुंडी
आफिशियल क्लब स्थित लक्ष्मी मार्शल आर्ट कराटे दोजो में शुक्रवार को सम्मान समारोह आयोजित कर अंतरराष्ट्रीय कराटे टूर्नामेंट “कराटे फाइट लीग सीजन-5 प्रोफेशनल इवेंट” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं उनके कोच को सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश में 1 मई से 3 मई तक आयोजित हुई थी, जिसमें गुवा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

समारोह में गुवा क्लब महिला समिति की प्रेसिडेंट श्रीमती शालू कुमार एवं समिति की सदस्य श्रीमती निलंबंगा, श्रीमती परवीन इकबाल, श्रीमती कविता देवांगन, श्रीमती जयश्री नंदकुलियर तथा श्रीमती गीता दास ने विजेता खिलाड़ियों को विजय तिलक लगाकर, विजय माला, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही कराटे प्रशिक्षक एवं 4th डन ब्लैक बेल्ट लक्ष्मी कुमारी प्रसाद को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के माता-पिता, दादा-दादी एवं परिवार के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। कार्यक्रम का माहौल भावुक, उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा।
दोजो के अन्य छात्र-छात्राओं में भी इस सम्मान समारोह को देखकर आगे बढ़ने और बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का उत्साह दिखाई दिया। बच्चों ने कहा कि वे भी कड़ी मेहनत कर भविष्य में देश और राज्य का नाम रोशन करना चाहते हैं।

कार्यक्रम में कोच लक्ष्मी कुमारी प्रसाद ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में दोजो के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
सम्मानित विजेता खिलाड़ियों में वैभव तेजस कुमार, किरण मुंडारी, साक्षी पत्रों, अवनीश सिन्हा, ईशान श्रीवास्तव, ओम चक्रवर्ती एवं कृष्णा मोदी शामिल हैं।
