
कांड्रा/सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक घटना में संलिप्त और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त को कांड्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त को न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया है।
कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त कृष्णा लोहार (पिता: प्रीतम लोहार) मूल रूप से कांड्रा का रहने वाला है। उसके विरुद्ध सरायकेला में हुई चोरी की घटना को लेकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM), सरायकेला-खरसावां की अदालत में जीआर संख्या 129/19 दर्ज है। अभियुक्त के खिलाफ धारा 414 भा.द.वि. (चोरी की संपत्ति खपाने) के तहत वारंट जारी था।
पुलिस के अनुसार, मामला सरायकेला क्षेत्र से जुड़ा था, लेकिन आरोपी कांड्रा में छिपकर रह रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
