
संवाददाता, नोवामुंडी
, रविवार को सेंट मेरीज चर्च नोवामुडी में ‘बाबा दिवस’ सह ‘श्रमिक दिवस’ बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा चर्च परिसर उत्सवमय वातावरण से भर उठा।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक नृत्य एवं गीतों के साथ हुई, जिसमें जमशेदपुर धर्मप्रांत के बिशप तेलेस्फोर बिलुंग का भव्य स्वागत किया गया। बिशप का स्वागत हाथ धोकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक किया गया, जो भारतीय संस्कृति एवं ईसाई परंपरा का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है।
मुख्य अनुष्ठाता के रूप में बिशप तेलेस्फोर बिलुंग के करकमलों द्वारा पवित्र मिस्सा बलिदान सम्पन्न किया गया। अपने प्रेरणादायक प्रवचन में उन्होंने सभी श्रमिकों को एक आदर्श पिता बनने का आह्वान किया तथा पवित्र आत्मा के मार्गदर्शन में जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

मिस्सा बलिदान के पश्चात बच्चों एवं माताओं द्वारा बिशप स्वामी एवं सभी पिताओं के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने समारोह की शोभा को और भी बढ़ा दिया।
इसके उपरांत पिताओं द्वारा सभी उपस्थित जनों के लिए प्रेमपूर्वक नाश्ते की व्यवस्था की गई, जिससे आपसी भाईचारे और एकता का सुंदर संदेश मिला।
इस पावन अवसर पर पल्ली पुरोहित फा. जोर्ज एक्का, सेंट मेरीज स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर करुणा,सिस्टर लिसयु. सिस्टर दिव्या. किशोर धनवार.अजित होरो, किसिंजर सुरीन, संजीता लकड़ा, उर्सूला बोदरा, मनोज लकड़ा, मग्रेट होरो सहित बड़ी संख्या में ख्रीस्तीय विश्वासी उपस्थित रहे।
यह समारोह न केवल श्रमिकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि परिवार, विश्वास और प्रेम की भावना को भी सुदृढ़ करने का एक प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।
