
कांड्रा (सरायकेला-खरसावां): क्षेत्र में गहराते जल संकट और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए समाजसेवी डॉक्टर जोगेन्दर प्रसाद महतो एवं समस्त ग्रामीणों व क्षेत्र वासियों के सहयोग से आगामी 1 मई 2026, शुक्रवार को एक विशाल जन जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है। ‘एक कदम जल बचाने के लिए’ के संकल्प के साथ निकाली जाने वाली इस रैली में हजारों की संख्या में लोगों के भाग लेने की संभावना है।
यह रैली शाम 5:00 बजे कांड्रा रेलवे स्टेशन से शुरू होकर मुख्य बाजार के विभिन्न रास्तों से गुजरते हुए स्थानीय लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगी। रैली का औपचारिक समापन पंचायत भवन कांड्रा में होगा, जहाँ उपस्थित जनसमूह जल बचाने की सामूहिक शपथ लेगा।
बान्धा घाट के जीर्णोद्धार की खुशी में आयोजन
समाजसेवी डॉक्टर जोगेन्दर प्रसाद महतो ने बताया कि कांड्रा लाहकोठी स्थित बान्धा घाट (बड़ा झूड़िया) पूरी तरह जर्जर हो चुका था और वहाँ पानी का ठहराव नहीं हो पा रहा था। जनहित में इस घाट का जीर्णोद्धार कर इसे नया जीवन दिया गया है और गंगा छठ घाट के पानी को बचाने का सफल काम किया गया है। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की खुशी में और जल संरक्षण का संदेश फैलाने के लिए इस रैली का आयोजन किया जा रहा है।
जल संकट और सामाजिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आयोजकों ने कहा कि जहाँ पानी है, वहीं आनंद है। जल संकट का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं पर पड़ता है, जिन पर जल संग्रहण की मुख्य जिम्मेदारी होती है। सुरक्षित जल केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए भी अनिवार्य है। हमारे क्षेत्र की पहाड़ी भौगोलिक स्थिति को देखते हुए नदियों और भू-जल को प्रदूषण व अत्यधिक दोहन से बचाना भविष्य के लिए अति आवश्यक है।
सामूहिक प्रयास की अपील
डॉक्टर जोगेन्दर प्रसाद महतो एवं स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी हमारी गरिमा का प्रतीक है। सामूहिक प्रयासों से ही हम स्वच्छ पेयजल की समस्या को दूर कर एक समृद्ध भारत बना सकते हैं। आयोजकों ने अपील की है कि सभी क्षेत्रवासी इस मुहिम का हिस्सा बनें, ताकि यह छोटा सा प्रयास एक बड़े सकारात्मक बदलाव में सहायक सिद्ध हो सके और आने वाली पीढ़ी के लिए पानी बचाया जा सके
