
प्रतिनिधि, नोवामुंडीनोवामुंडी पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल से एक प्रेरणादायक सफलता सामने आई है, जहां सब्जी विक्रेता राकेश पोद्दार की बेटी अंजलि पोद्दार ने कठिन परिस्थितियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए मैट्रिक परीक्षा में 93.40% अंक हासिल कर स्कूल में सेकंड टॉपर का स्थान प्राप्त किया है।आर्थिक चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बावजूद अंजलि ने बिना किसी ट्यूशन के, केवल अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के सहारे प्रतिदिन 12 से 13 घंटे तक पढ़ाई की और यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।अंजलि पोद्दार ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी गुरु मां सीमा पालीत, स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, अपनी बहन और अपने परिवार को दिया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।अपने भविष्य को लेकर अंजलि ने बताया कि वह आगे चलकर IAS अधिकारी बनना चाहती हैं, ताकि वह समाज की सेवा कर सकें और प्रशासनिक क्षेत्र में बेहतर बदलाव ला सकें।उन्होंने अपने जूनियर विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि पढ़ाई पूरे मन से करें और हमेशा अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के आदेश का पालन करें।सब्जी विक्रेता के घर से निकलकर इस तरह की बड़ी सफलता हासिल करना अंजलि की मेहनत और जज्बे को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है, और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
