
जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल नंबर की एक कार ओडिशा की ओर जा रही थी। रेलवे क्रॉसिंग के पास बने स्पीड ब्रेकर पर कार अचानक उछल गई, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। अनियंत्रित कार ने पहले एक टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मारी, फिर दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पोटका पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पोटका सीएचसी में एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग के पास बने स्पीड ब्रेकर और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
