
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या-08/2026 एवं 10/2026 के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष जया किशोर सिंह ने कड़ा कदम उठाने की चेतावनी दी है। इस संबंध में वरीय आरक्षी अधीक्षक उपायुक्त और एसडीओ को लिखित आवेदन देकर उसने 27 अप्रैल 2026 को उपायुक्त कार्यालय परिसर में आमरण अनशन और उसके बाद आत्मदाह करने की घोषणा की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना के दो महीने बीत जाने के बावजूद अनुसंधान पदाधिकारी द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इससे आरोपियों का मनोबल बढ़ गया है और उन्हें पुलिस व न्यायालय का कोई भय नहीं रह गया है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि भविष्य में आरोपी किसी गंभीर आपराधिक साजिश को अंजाम दे सकते हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अनुसंधान पदाधिकारी नियमों के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं और बिना गवाहों के बयान लिए ही केस डायरी में झूठे तथ्यों का उल्लेख कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इन परिस्थितियों से खुद को प्रताड़ित बताते हुए उसने प्रशासन के समक्ष अंतिम विकल्प के रूप में आंदोलन का रास्ता चुना है।
पीड़ित ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा। उसने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
