
जमशेदपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रताप नारायण गोप, पीएन गोप बाबू नहीं रहे। 85 वर्षीय गोप बाबू का निधन इलाज के क्रम में मर्सी अस्पताल बारीडीह में शनिवार की सुबह तकरीबन पांच बजे हो गया। कुछ दिनों पहले टीएमएच में उनके पैर का ऑपरेशन किया गया था और अभी तबीयत खराब हुई तो मर्सी में भर्ती हुए थे । उन्हें किडनी में भी शिकायत थी। पार्थिव शरीर को टीएमएच शीत गृह में रखा गया है। रविवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे बेलडीह कब्रिस्तान बिस्टुपुर सर्किट हाउस एरिया में दफनाया जाएगा।
वरीय अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू के अनुसार उन्होंने लगभग 13 वर्षो तक लोक अभियोजक के पद पर अपनी सेवा प्रदान की। पिछले 57 वर्ष से जमशेदपुर में वकालत कर रहे थे। वह फौजदारी के साथ-साथ दीवानी मामलों के जानकार थे।
बिरसा सेवा दल तथा कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए थे जो खासकर अनुसूचित जनजाति, जाति तथा आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के उत्थान उन्नयन के लिए काम करती रही है।
वे अपने पीछे दो बहू और पौत्र को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी एवं दो बेटों का निधन बहुत पहले हो चुका था।
गोप बाबू के निधन पर, मित्र फादर अगस्टिन, फादर विंसेंट डेविड, झारखंड राज्य बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष आर नाथ दास, सचिव राजेश रंजन, कार्यकारिणी, मनोरंजन दास, मलकीत सिंह सैनी, मो कासिम, बीजी डे, अर्जुन सिंह, टीएन ओझा, सुधीर कुमार पप्पू, पूर्व अभियोजन पदाधिकारी सुशील कुमार जायसवाल पूर्व अभियोजन पदाधिकारी जेवी सिंह, कुलविंदर सिंह आदि ने शोक जताया है।
पीएन गोप बाबू का पार्थिव देव उनके रामनगर सोनारी स्थित आवास में मोबाइल शीत चैंबर में रखा गया है। जहां बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन तथा बार एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी अधिवक्ता तापस कुमार मित्रा, पूर्व सचिव मलकीत सिंह सैनी, अधिवक्ता लालटू एवं कई सदस्य जाकर श्रद्धा के फूल अर्पित कर रहे हैं और शोक संतप्त बहन, बहू को सांत्वना दे रहे हैं।
सुधीर कुमार पप्पू के अनुसार रविवार पूर्वाह्न साढ़े दस बजे घर से अंतिम यात्रा बेलडीह कब्रिस्तान के लिए निकलेगी। जीईएल चर्च सोनारी के पास्टर पोलुष पूर्ति एवं अन्य पास्टर धार्मिक प्रक्रिया संपन्न करेंगे।
