
प्रतिनिधि, नोवामुंडी (पश्चिमी सिंहभूम)
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और आपसी तनाव में एक भतीजे ने रिश्तों की मर्यादा तार-तार कर दी। आरोपी गागा गगराई (30 वर्ष) ने अपनी 50 वर्ष की फुफू टुरिया गगराई की टांगी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
साक्ष्यों ने खोला राज
घटना 9 अप्रैल की रात की है। राकेश सिंकु की शिकायत पर पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो घटनास्थल से मिले एक हरे टी-शर्ट और नीले पैंट ने पुलिस को कातिल तक पहुँचा दिया। ग्रामीणों की पहचान के आधार पर पुलिस ने गागा को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
साजिश और बरामदगी
आरोपी ने बताया कि उसने मानसिक तनाव और अंधविश्वास के चलते महिला पर टांगी से हमला किया और शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से 500 मीटर दूर एक गड्ढे में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी को कुचिका नदी के पास से बरामद कर लिया है। इस सफल उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू और थाना प्रभारी बोअस गुंडु की टीम की मुख्य भूमिका रही।
