
नोवामुंडी | प्रतिनिधि नोवामुंडी पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर कांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के 6 स्मार्टफोन बरामद किए हैं और इस सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को जगन्नाथपुर (दीपापाड़ा) निवासी कमरुज (22 वर्ष) ने नोवामुंडी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदक ने बताया कि पार्सल डिलीवरी के दौरान उसके बैग से 6 नए मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कांड संख्या 12/26, धारा 303(2) BNS 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। संदेह के आधार पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी।
- पहला सुराग: पुलिस ने सबसे पहले ललित दास को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर अन्य साथियों और चोरी के मोबाइलों का पता चला।
- बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 6 मोबाइल जब्त किए, जिनमें वीवो T4 लाइफ 5G और मोटोरोला एज 60 फ्यूजन 5G जैसे महंगे मॉडल शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- ललित दास (24 वर्ष): पिता–गोपाल दास, निवासी महूदी टोला तोडेतोपा।
- कुंदन रजक (20 वर्ष): पिता–बजरंगी रजक, निवासी कोल्हान हाटिंग, नोवामुंडी।
- उज्जवल रोहित एक्का (22 वर्ष): पिता–रंजीत एक्का, निवासी क्वार्टर नंबर 101, नोवाग्रीन हेरिटेज (टाटा स्टील), नोवामुंडी।
छापामारी दल में ये थे शामिल
इस सफल अभियान में पुलिस उपाधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नयन सिंह, पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। शनिवार को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को मंडल कारावास, चाईबासा भेज दिया गया है।
