
कांड्रा (सरायकेला-खरसावां): कांड्रा बस्ती में वर्ष 1931 से चली आ रही गौरवशाली परंपरा के अनुसार, इस वर्ष भी ‘श्री श्री सार्वजनिक चड़क (शिव) पूजा’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। चड़क पूजा समिति (भोक्ता टाँगा) द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय उत्सव 13 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
कमिटी पब्लिक डिमांड के आगे झुकी: समय में बदलाव
आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार महतो ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध हास्य कलाकार ‘कालाचंद-फाकाचंद’ को आमंत्रित किया गया है। पहले इस कार्यक्रम का समय देर रात रखा गया था, लेकिन स्थानीय लोगों और दर्शकों के भारी उत्साह को देखते हुए कमिटी पब्लिक डिमांड के आगे झुक गई है। जनता की सुविधा और भारी मांग का सम्मान करते हुए कमेटी ने कार्यक्रम का समय रात 11 बजे से घटाकर अब रात 9 बजे कर दिया है। अध्यक्ष ने कहा कि पब्लिक की इच्छा हमारे लिए सर्वोपरि है, ताकि बुजुर्ग और बच्चे भी समय पर इस शानदार प्रस्तुति का आनंद ले सकें।
उत्सव की तैयारी पूरी
13 अप्रैल से शुरू होने वाले इस तीन दिवसीय अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह है। समिति के सदस्यों ने बताया कि कलाकारों के स्वागत और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विजय महतो ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में पहुँचकर इस ऐतिहासिक चड़क पूजा और सांस्कृतिक संध्या का हिस्सा बनें
