
नोवामुंडी।
नोवामुंडी ओवरब्रिज पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा होते-होते रह गया। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच एक तेज रफ्तार सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज की पुलिया की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, लेकिन गनीमत रही कि रेलिंग मजबूत होने के कारण गाड़ी पुल के नीचे नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
एयरबैग ने ढाल बनकर बचाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही बोलेरो के एयरबैग (एयर बैलून) तुरंत खुल गए। यही मुख्य कारण रहा कि गाड़ी में सवार लोग मौत के मुंह से बाहर निकल आए। हालांकि, टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गाड़ी में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने निभाया ‘देवदूत’ का फर्ज
हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे मॉर्निंग वॉक कर रहे स्थानीय लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। साथ ही स्थानीय थाने को भी इसकी सूचना दी गई।
मौके पर मौजूद है क्षतिग्रस्त वाहन
सूचना पाकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो अभी भी घटनास्थल पर ही पड़ी हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा नींद आने की वजह से हुआ या तेज रफ्तार के कारण संतुलन खोने से।
