
नोआमुंडी। मंगलवार की देर शाम नोआमुंडी रेलवे स्टेशन के पास भटकते हुए दो नाबालिग बच्चों (5 और 9 वर्ष) को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नयन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बच्चों को संरक्षण में लिया और उनके रहने-खाने की व्यवस्था की।बुधवार को सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा की अगुवाई में दोनों बच्चों को चाईबासा स्थित बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया गया। बच्चों ने खुद को चाईबासा के मंगला हाट बस स्टैंड क्षेत्र का निवासी बताया है, हालांकि परिजनों का सटीक पता अब तक नहीं मिल पाया है। मौके पर मौजूद डालसा (DALSA) के पीएलवी उमर सादिक ने बच्चों से जानकारी संकलित की ताकि उनका पुनर्वास किया जा सके। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों के परिजनों के बारे में जानकारी होने पर तुरंत CWC या डालसा को सूचित करें।
