
कांड्रा: कांड्रा पंचायत के अंतर्गत आजाद बस्ती और एसकेजी मुखी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मां मंगला की पूजा पूरे विधि-विधान और धूमधाम के साथ मनाई गई। भक्ति और आस्था के इस संगम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

दशकों पुरानी है परंपरा

आजाद बस्ती में प्रकाश चंद्र मुखी और राजू मुखी के आवास पर यह पूजा कई दशकों से अनवरत जारी है। वहीं, कांड्रा एसकेजी मुखी कॉलोनी में संतोष मुखी और गणेश मुखी के सानिध्य में मां मंगला की आराधना की गई। आयोजकों ने बताया कि मां मंगला की पूजा क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था से जुड़ी है। मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से मां की शरण में आता है, उसकी हर मनोकामना पूर्ण होती है।

निकाली गई भव्य घट यात्रा
पूजा के अवसर पर भक्ति का अद्भुत नजारा तब देखने को मिला, जब आजाद बस्ती और एसकेजी मुखी कॉलोनी से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं माथे पर घट लेकर निकलीं। यह भव्य शोभायात्रा कांड्रा बांधकुली स्थित छोटा तालाब पहुंची, जहां महिलाओं ने जल भरा और पुन: पूजा स्थल तक की यात्रा तय की। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
सेवा शिविर में भक्तों के बीच बांटा गया प्रसाद
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए आजाद बस्ती में न्यू ब्वॉय क्लब एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से विशेष शिविर लगाया गया। यहाँ पूजा में शामिल होने आए भक्तों के बीच चना, गुड़, शरबत और हलवा का वितरण किया गया।
