
कांड्रा। क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को तेज आंधी-तूफान और छिटपुट बारिश ने राहत तो दी, लेकिन कई जगहों पर इसने आफत भी पैदा कर दी। इसी क्रम में कांड्रा स्थित प्रसिद्ध ‘नरेश स्टोर’ नामक राशन दुकान का भारी-भरकम लोहे का बैनर तेज हवाओं के दबाव को झेल नहीं पाया और अचानक टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, दुकान के ठीक नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोहे का फ्रेम मुड़कर सीधे जमीन पर आ गिरा। बता दें कि नरेश स्टोर कांड्रा क्षेत्र की काफी पुरानी और व्यस्त राशन दुकान है, जहाँ हर समय ग्राहकों की भीड़ रहती है। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। क्षेत्र में आंधी के कारण बिजली सेवा भी प्रभावित हुई है, जिसे बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
