
नोवामुंडी | निज संवाददाता
स्थानीय नोवामुंडी कॉलेज में सोमवार को विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय भव्य रोजगार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के कुशल दिशा-निर्देश पर कॉलेज के ‘अंबेडकर हॉल’ में आयोजित इस शिविर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की ओर से एचआर प्रबंधक शेख मिन्हाज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
होसुर (बेंगलुरु) स्थित यूनिट में मिलेगी नियुक्ति
चयन प्रक्रिया के दौरान सफल रहे छात्र-छात्राओं को कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित होसुर क्षेत्र में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की अत्याधुनिक इकाई में नियुक्त किया जाएगा। एचआर प्रबंधक शेख मिन्हाज ने बताया कि साक्षात्कार और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को अगले माह तक कार्यस्थल पर जॉइनिंग करा दी जाएगी। शिविर में अभ्यर्थियों को कार्य की प्रकृति, आकर्षक वेतनमान और अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
कार्यक्रम का विधिवत संचालन करते हुए सहायक प्राध्यापक साबिद हुसैन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए इस तरह के कैंपस सिलेक्शन मील का पत्थर साबित होते हैं। यह मेला विशेष रूप से 18 वर्ष से अधिक आयु के मैट्रिक और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण युवाओं के लिए आयोजित किया गया था, ताकि उन्हें सीधे उद्योग जगत से जोड़ा जा सके।

पंजीकरण और साक्षात्कार में दिखा भारी उत्साह
रोजगार मेले को लेकर क्षेत्र के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों का मौके पर ही पंजीकरण, दस्तावेज़ सत्यापन और प्राथमिक साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न की गई।
इनका रहा सराहनीय योगदान:
कार्यक्रम की सफलता में कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. मुकेश कुमार सिंह, नरेश कुमार पान, कुलजिंदर सिंह, धनी राम महतो, दिवाकर गोप, परमानंद महतो, राजकरण यादव, तन्मय मंडल, भवानी कुमारी सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
