
नोवामुंडी | संवाददाता
क्षेत्र की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) नोवामुंडी में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मंगल सिंह बाबोंगा ने फीता काटकर किया।
3 महीने में 1100 किशोरियों को लगेगा मुफ्त टीका
बड़ाजामदा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरिपद हेम्ब्रम के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत अगले तीन महीनों में क्षेत्र की लगभग 1100 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। डॉ. हेम्ब्रम ने बताया कि यह टीका 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर पात्र बालिकाओं की पहचान करें और समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करें।
अभिभावकों से अपील: बेटियों का भविष्य सुरक्षित करें
पूर्व विधायक मंगल सिंह बाबोंगा ने इस अभियान को महिला स्वास्थ्य की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा, “गांवों में साहिया कार्यकर्ता सक्रिय हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे बिना किसी झिझक के अपनी बेटियों को यह टीका लगवाएं ताकि भविष्य में उन्हें कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षा मिल सके।”
जागरूकता पर विशेष जोर

डॉ. हेम्ब्रम ने स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि HPV टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। इसके लिए व्यापक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है। मौके पर टीकाकरण की प्रक्रिया और लक्षित वर्ग की पहचान को लेकर एएनएम और साहिया कार्यकर्ताओं को विस्तृत दिशा-निर्देश भी दिए गए।
ये रहे उपस्थित:
इस अवसर पर अशोक पान, डॉ. नागमणि बेहरा, बीडीएम मोहम्मद तोहिद, संगीता बिलुम, संध्या लामाय, बिकास पाट पिंगुवा, लखिन्द्र सुरेन, नरेश दंडपत, दीपक बेहरा, विष्णु सरदार, उदय चंद पासवान, सत्यजीत पात्रा, सारिका हांसदा, शिवचरण हेस्सा, ममता पिंगुआ, अमूल्य टोपनो समेत रंजना कुमारी, निभा कुमारी, संगीता कुमारी, तूलिका कुमारी, हेलन कुजूर, रिंकू कुमारी, सलोनी मुंडू, सुषमा महतो, ममता कुमारी और पिंकी बाड़ा सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
