
कांड्रा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर शिव विवाह की तैयारी जोरों पर है। मंदिर परिसर में साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम किया जा रहा है, ताकि मंदिर को आकर्षक बनाया जा सके। मंदिर को फूलों और लाइटों से सजाया जा रहा है, जिससे इसकी शोभा और भी बढ़ जाए।15 फरवरी को कांड्रा थाना प्रभारी बिनोद कुमार मुर्मू की अगुवाई में शिव जी की बारात निकाली जाएगी, जो पूरे क्षेत्र का भ्रमण करेगी। बारात में गाजे-बाजे, दूत-भूत, बसहा और अन्य शामिल होंगे। बारात कांड्रा ओवरब्रिज से होकर कांड्रा डोकाकुली, कांड्रा मध्य बस्ती, कांड्रा स्टेशन चौक, कांड्रा बाजार, कांड्रा एसकेजी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर होते हुए कांड्रा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी।बारात का स्वागत करने के लिए मंदिर परिसर में व्यापक तैयारी की जा रही है। रात्रि में भोले बाबा और मां पार्वती का विधिवत मंत्रोचारण के साथ पंडित दिवाकर मिश्रा द्वारा विवाह कराया जाएगा, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होंगे। महिलाएं मंगल गीत गाएंगी और भक्तों द्वारा बारातियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। महा भंडारा का भी आयोजन किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
