
झारखंड अधिविध परिषद, रांची द्वारा संचालित वार्षिक माध्यमिक मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के तहत शनिवार को मुसाबनी प्रखंड के चार परीक्षा केंद्रों पर पांचवें दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त माहौल में संपन्न हुई। प्रशासन की सतत निगरानी एवं दंडाधिकारियों की मौजूदगी में सभी केंद्रों पर परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान मैट्रिक स्तर पर सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 1120 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि आठ परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय के भौतिकी विषय में कुल 97 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, चापड़ी परीक्षा केंद्र पर जीसीजेडी हाई स्कूल, मुसाबनी के परीक्षार्थियों ने सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में भाग लिया। शिवलाल उच्च विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक के 362 तथा इंटर के 97 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जहां पांच परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर 194 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि यहां दो परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं अपग्रेड हाई स्कूल, माटोगोड़ा परीक्षा केंद्र पर 338 परीक्षार्थियों ने निर्धारित समय पर परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं अनुशासन के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। केंद्र अधीक्षक अनीता मुर्मू, विकास शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों की देखरेख में परीक्षा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
