
मां मनसा मंदिर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर एक घर के निकट 20 फीट गहरा टैंक बना खतरा, वर्षों से खुला पड़ा है सेफ्टी टैंक; पहले भी गिर चुका है गोवंश, न ढक्कन और न बैरिकेडिंग
संवाददाता संचार भारत न्यूज़, नोवामुंडी
नोवामुंडी के मां मनसा मंदिर के निकट कब्रिस्तान मोहल्ले में वर्षों से खुला पड़ा करीब 20 फीट गहरा सेफ्टी टैंक हादसों को न्योता दे रहा है। इसी टैंक में गिरकर एक गाय घायल हो गई। आसपास खेल रहे बच्चों की नजर गाय पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और गाय को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल गाय के खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। कार्यकर्ताओं के अनुसार, अगले दिन उसे बाहर निकालने का दोबारा प्रयास किया जाएगा।
पहले भी गिर चुका है गोवंश, फिर भी नहीं चेते जिम्मेदार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी इसी सेफ्टी टैंक में एक गोवंश गिरकर घायल हो चुका है। इसके बावजूद टैंक को न तो ढका गया और न ही उसके चारों ओर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई। बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बावजूद सुरक्षा इंतजाम नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
बच्चों की जान पर भी मंडरा रहा खतरा

सेफ्टी टैंक के आसपास बच्चे खेलते रहते हैं। ऐसे में किसी बच्चे का अनजाने में टैंक में गिरना जानलेवा साबित हो सकता है। करीब 20 फीट गहरा यह खुला टैंक किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। गाय के घायल होने की घटना ने खतरे की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
आखिर बड़े हादसे का इंतजार क्यों?
अब सवाल यह है कि पहले भी गोवंश के गिरकर घायल होने के बावजूद सेफ्टी टैंक को सुरक्षित क्यों नहीं किया गया? संबंधित जिम्मेदारों को तत्काल संज्ञान लेकर टैंक को ढकने या उसके चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसी अन्य पशु या इंसान की जान खतरे में न पड़े।
आज एक बेजुबान इस लापरवाही का शिकार हुई है, कल कोई मासूम भी इसकी चपेट में आ सकता है। समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना जरूरी है, ताकि एक खुले सेफ्टी टैंक के कारण किसी बड़ी अनहोनी का सामना न करना पड़े।
