
टाटा डीएवी नोवामुंडी में वीर गाथा प्रोजेक्ट 6.0 का आयोजन, विद्यार्थियों में जगाई देशभक्ति की भावना
नोवामुंडी। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को रक्षा मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘वीर गाथा प्रोजेक्ट 6.0’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में देश के वीर बलिदानियों, वीरता पुरस्कार विजेताओं और ऐतिहासिक योद्धाओं के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना था।

विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने कहा कि वीर गाथा प्रोजेक्ट जैसी राष्ट्रीय पहल विद्यार्थियों को देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के त्याग और बलिदान से परिचित कराती है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की संगीत मंडली ने देशभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति दी। कक्षा तीन से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए देशभक्ति कविता लेखन, अनुच्छेद लेखन, चित्रकला और डिजिटल प्रस्तुतीकरण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा, विद्यालय परिसर में विशेष ‘वीर गाथा कॉर्नर’ स्थापित किया गया, जहां परमवीर चक्र और महावीर चक्र सहित विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित वीरों की गाथाओं तथा विद्यार्थियों की चुनिंदा कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर कक्षा सात के सत्यम, कक्षा नौ की आफिया परवीन और कक्षा 11वीं (विज्ञान संकाय) की प्रज्ञाश्री मिश्रा ने वीरता, बलिदान और राष्ट्रप्रेम से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिताओं में प्राप्त श्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन कर उन्हें ‘माईगव’ पोर्टल पर अपलोड किया गया। वहीं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के तहत नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों के लिए रंगोली प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें कुल 106 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को प्राथमिक रंगों की पहचान कराने के साथ सरल रंगोली बनाने का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
