
कांड्रा: कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के समीप ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार एक महिला घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी मानिकुई से कांड्रा की ओर आ रही थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप आगे चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक दाईं ओर मोड़ लिया। इससे पीछे आ रही स्कूटी ट्रैक्टर से टकरा गई। स्कूटी पर एक पुरुष और एक महिला सवार थे। महिला स्कूटी के पीछे बैठी हुई थी। टक्कर के बाद स्कूटी चालक और पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गए, जिससे महिला के पैर में चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक वाहन को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। घायल महिला को 108 एंबुलेंस की सहायता से बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी (सरायकेला खरसावां) के महासचिव सह कार्यालय प्रभारी प्रकाश कुमार राजू, जेएलकेएम के भोलू महतो एवं स्थानीय ग्रामीणों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
