
कांड्रा। दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को कांड्रा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण कुमार ने की। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पु अ नि संतोष कुमार सेन, पु अ नि कमलेश कुमार सिंह, पु अ नि दिनेश महथा सहित दोनों लाइसेंसी दुर्गापूजा समितियों, रावण दहन कमिटी, जेएआरडीसीएल, जेबीवीएनएल के प्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।बीडीओ श्रवण कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का पर्व है। सभी समुदाय के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने पूजा के दौरान स्वयं नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रखने पर विशेष जोर दिया।

सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क : एसडीपीओ
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने कहा कि दुर्गापूजा एवं दशहरा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। पूजा समितियां पुलिस एवं प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण एवं सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। जुलूस एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का हर हाल में पालन किया जाए। रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं अग्नि सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अफवाह एवं भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की।

विसर्जन और रावण दहन को लेकर विशेष तैयारी
बैठक में मूर्ति विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था, निर्धारित विसर्जन मार्ग, वाहनों के जमावड़े एवं जुलूस में अनुशासन बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई। पूजा समितियों ने प्रशासन से पूजा से लेकर विसर्जन तक निर्बाध बिजली आपूर्ति, विसर्जन मार्ग को अतिक्रमण एवं वाहन जमावड़े से मुक्त रखने तथा पुलिस गश्ती बढ़ाने का आग्रह किया।रावण दहन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं अग्नि सुरक्षा की समुचित व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की। बैठक में श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी एसकेजी कॉलोनी कांड्रा के अध्यक्ष होनी सिंह मुंडा, श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी कांड्रा बाजार के अध्यक्ष संजय महंती, रावण दहन कमिटी के अध्यक्ष लालबाबू महतो, जिप सदस्य पिंकी मंडल, कांड्रा पंचायत मुखिया शंकरी सिंह, बुरूडीह पंचायत की मुखिया संगीता देवी, राम हांसदा, डुमरा ग्राम प्रधान दिलीप मंडल, मनोज महतो, सुबोध सिंह, मनोरंजन नंदी एवं विमान सेनापति सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक के माध्यम से पुलिस प्रशासन एवं पूजा समितियों ने आपसी समन्वय के साथ दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया
