
जमशेदपुर
टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी समिति की बैठक आज यूनियन के अध्यक्ष श्री राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत अपने उन दिवंगत एवं बिछड़े हुए साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिन्होंने संगठन एवं कंपनी के हित में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसके उपरांत यूनियन के आय-व्यय का लेखा-जोखा एवं सावधि जमा खातों (Fixed Deposit) से संबंधित जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।
ग्रेड रिवीजन एवं बोनस समझौते पर पदाधिकारियों को बधाई
बैठक में कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने हाल ही में हुए नए ग्रेड रिवीजन एवं बोनस समझौते के लिए यूनियन नेतृत्व की सराहना की। सभी सदस्यों ने एक साथ तालियां बजाकर यूनियन के पदाधिकारियों तथा टाटा स्टील प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया और कर्मचारियों के हित में किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक के दौरान कंपनी में कर्मचारी पुत्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों के समयबद्ध प्रमोशन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की कार्यकारिणी सदस्यों ने सराहना की। सदस्यों ने इसके लिए यूनियन नेतृत्व एवं टाटा स्टील प्रबंधन को प्रोत्साहित करते हुए धन्यवाद दिया तथा उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कर्मचारी हित में इसी प्रकार सकारात्मक पहल जारी रहेगी।
कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि कर्मचारी पुत्रों की भर्ती से आने वाली पीढ़ी को रोजगार का अवसर मिलेगा और कर्मचारियों के प्रमोशन से उनका मनोबल एवं आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इस दिशा में यूनियन और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय के साथ आगे भी ठोस पहल किए जाने की आवश्यकता है।
कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दे
बैठक में सदस्यों ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। प्रमुख मांगें एवं सुझाव इस प्रकार हैं—
टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड के कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान:
टिनप्लेट डिवीजन में टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड के कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को देखने के लिए कोई उचित प्रतिनिधित्व नहीं है। अध्यक्ष से आग्रह किया गया कि जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें टिनप्लेट यूनियन की सदस्यता प्रदान की जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान यूनियन के माध्यम से हो सके।
ग्रेड रिवीजन के बाद लीव का समायोजन:
नए ग्रेड रिवीजन के बाद कर्मचारियों की छुट्टियों (Leave) का किस प्रकार समायोजन किया गया है, इसकी स्पष्ट एवं आधिकारिक जानकारी कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाए।
हर तीन महीने में चीफ के साथ बैठक:
टिनप्लेट डिवीजन के चीफ के साथ यूनियन कार्यकारिणी के सदस्यों की प्रत्येक तीन महीने में बैठक आयोजित की जाए, ताकि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर समय रहते चर्चा और समाधान हो सके।
डिपार्टमेंटल हेड एवं कमिटी मेंबर्स की बैठक:
कई दिनों से डिपार्टमेंटल हेड एवं कमिटी मेंबर्स के साथ बैठक नहीं हो रही है। इसे पुनः नियमित रूप से शुरू किया जाए।
मैनपावर की समस्या का समाधान:
कंपनी के विभिन्न विभागों में मैनपावर की कमी की समस्या बनी हुई है। इसे जल्द से जल्द दूर किया जाए तथा टाटा स्टील लिमिटेड, टिनप्लेट डिवीजन में कर्मचारी पुत्रों की भर्ती को प्राथमिकता दी जाए।
10 नंबर बस्ती के कर्मचारियों को क्वार्टर सुविधा:
10 नंबर बस्ती में रह रहे कर्मचारियों को कंपनी क्वार्टर की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए।
बिजली एवं पानी के कनेक्शन की सिक्योरिटी मनी:
10 नंबर बस्ती में रह रहे ऑन-रोल कर्मचारियों को बिजली एवं पानी का कनेक्शन लेने के लिए जमा की जाने वाली सिक्योरिटी मनी को माफ करने की मांग रखी गई।
CRM-3 में मैनपावर भर्ती:
CRM-3 में आवश्यक मैनपावर की भर्ती जल्द शुरू की जाए तथा इसमें कर्मचारी पुत्रों को प्राथमिकता दी जाए।
टाटा टेक्निकल सर्विसेज के स्थान पर टाटा स्टील कंपनी में रोजगार:
टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड के माध्यम से भर्ती करने के बजाय टिनप्लेट डिवीजन में टाटा स्टील लिमिटेड के अंतर्गत कर्मचारी पुत्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई।
एनोमली कमेटी का गठन:
ग्रेड रिवीजन के बाद अभी तक एनोमली कमेटी का गठन नहीं हुआ है। जल्द से जल्द कमेटी गठित कर ग्रेड रिवीजन से संबंधित विसंगतियों एवं खामियों को दूर किया जाए।
अपर लेवल प्रमोशन में सीनियरिटी:
अपर लेवल के प्रमोशन में भी कर्मचारियों की सीनियरिटी को उचित महत्व दिया जाए और प्रमोशन की प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए।
नए कर्मचारियों को क्वार्टर आवंटन:
नए कर्मचारियों को जल्द से जल्द कंपनी क्वार्टर का आवंटन किया जाए।
परमानेंट नेचर के कार्यों में वेंडर कर्मचारियों की नियुक्ति:
कंपनी के कई विभागों में परमानेंट नेचर के कार्यों में वेंडर कर्मचारियों को लगाया जा रहा है। सदस्यों ने इस पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में धीरे-धीरे कंपनी के अपने विभागों एवं स्थायी रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
NS-9 के बाद ग्रेड संरचना में बढ़ोतरी:
NS-9 के बाद NS-12 तक के ग्रेड को बढ़ाने एवं कर्मचारियों के करियर ग्रोथ के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने पर विचार किया जाए।
कैंटीन एवं छुट्टी की समस्या:
प्लांट में कर्मचारियों को कैंटीन जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा कई स्थानों पर कर्मचारियों को छुट्टी लेने में भी परेशानी हो रही है। इस समस्या का समाधान किया जाए।
लंबित प्रमोशन:
कई विभागों में कर्मचारियों का प्रमोशन लंबित है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समयबद्ध तरीके से सभी पात्र कर्मचारियों का प्रमोशन सुनिश्चित किया जाए।
TMH में प्रवेश के लिए यूनियन पदाधिकारियों को ID कार्ड:
TMH में जाने के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा ID कार्ड की मांग की जाती है। यूनियन के पदाधिकारियों एवं आवश्यक प्रतिनिधियों के लिए उचित यूनियन ID कार्ड जारी किए जाएं, ताकि TMH में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जाने पर किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा कि कर्मचारियों के अधिकार, रोजगार की सुरक्षा, प्रमोशन, क्वार्टर, मैनपावर, ग्रेड संबंधी विसंगतियों तथा कार्यस्थल की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर प्रबंधन के समक्ष उठाया जाना चाहिए।
यूनियन नेतृत्व ने सभी सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों के हित में उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
उपस्थित पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य
बैठक में अध्यक्ष श्री राकेश्वर पांडेय, उपाध्यक्ष श्री परविंदर सिंह सोहल, महामंत्री श्री मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट श्री साईं बाबू राजू, वाइस प्रेसिडेंट श्री वकील खान, श्री जगजीत सिंह, सहायक सचिव श्री संजय कुमार, श्री अमृत कुमार झा, श्री निरंजन महापात्र, श्री विनय कुमार साहू, कोषाध्यक्ष श्री संग्राम किशोर दास, सह-कोषाध्यक्ष श्री सूर्यभूषण शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य श्री मुन्ना खान, श्री कलाम नबी खान, श्री सुजीत कुमार दास, श्री राकेश कुमार दिलबागी, श्री नवल किशोर सिंह, श्री सुकेश कुमार मिश्रा, श्री गजराज सिंह, श्री कुंदन कुमार सिंह, श्री नवजोत सिंह सोहल, श्री अनिल कुमार, श्री अमरजीत सिंह, श्री अभियानन्द कुमार, श्री जयपाल सिंह, श्री चंदन कुमार तिवारी, श्री विशाल कुमार तिवारी आदि उपस्थित थे।
