
कांड्रा। सुरक्षा, साहस और भाईचारे के पवित्र बंधन को समर्पित ‘रक्षाबंधन मिलन समारोह’ का आज कांड्रा में पहली बार ग्रामवासियों के अपार सहयोग और उत्साह के साथ भव्य आयोजन होगा। यह कार्यक्रम केवल एक त्योहार तक सीमित न रहकर, गांव की एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक मिसाल पेश करेगा। समारोह का सबसे भावुक और गौरवशाली पल वह होगा, जब रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वीर जवानों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रसेवा, अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और रेल यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के प्रति उनके अटूट समर्पण के लिए पूरे कांड्रा वासी उनके प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। गांव की बहनें आरपीएफ जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना करेंगी और उनके त्याग को नमन करेंगी।
इस ऐतिहासिक समारोह में क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी डॉ. जोगेन्द्र प्रसाद महतो भी विशेष रूप से शिरकत करेंगे। डॉ. महतो की उपस्थिति इस समारोह की शोभा को और बढ़ाएगी। वे ग्रामवासियों की इस अनूठी पहल के साक्षी बनेंगे और समाज में एकजुटता लाने वाले ऐसे आयोजनों का उत्साहवर्धन करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. जोगेन्द्र प्रसाद महतो के उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों की भी सराहना की जाएगी।
इसके साथ ही, इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण की बेहतरीन झलक भी देखने को मिलेगी। समाज और गांव के विकास में अपना विशेष योगदान देने वाली होनहार बहनों को “कांड्रा गौरव बहन सम्मान” प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने इस बार रक्षाबंधन को केवल राखी बांधने की पारंपरिक रस्म तक सीमित न रखकर, इसे पूरे गांव को एक विशाल परिवार के रूप में जोड़ने के एक भव्य अवसर में बदलने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम की थीम— “राखी एकता की, धागा विकास का, रिश्ता विश्वास का और धागा प्यार का”— आज के समारोह में पूरी तरह से चरितार्थ होगी। सभी ग्रामीण एकजुट होकर एक-दूसरे को राखी बांधेंगे और कांड्रा को आपसी प्रेम और विश्वास से जुड़े एक मजबूत परिवार के रूप में स्थापित करेंगे।
समारोह के दौरान देशभक्ति और उल्लास का माहौल रहेगा। पूरा आयोजन स्थल “सभी भाई-बहनों की जय हो, माता-पिता की जय हो, भारत माता की जय हो, जय हिंद, जय भारत, जय जवान, जय किसान” के गगनभेदी नारों और उद्घोष से गूंज उठेगा।
