
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रोटी बैंक, जमशेदपुर एवं जीवन ज्योति, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली मानगो डिमना रोड स्थित पूरे पार्क परिसर में भ्रमण करते हुए लोगों को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम एवं मॉर्निंग वॉक करने, पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता का ध्यान रखने तथा अस्वास्थ्यकर आदतों को छोड़ने का संदेश देती रही। रैली का नेतृत्व रोटी बैंक के चेयरमैन मनोज मिश्रा, जीवन ज्योति के उपाध्यक्ष आर.बी. सहाय, राधा कांत मिश्रा एवं योगिनी प्रियंका सिंह ने किया।
रैली के माध्यम से शहरवासियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
रैली के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए रोटी बैंक के चेयरमैन मनोज मिश्रा ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना समाज की जिम्मेवारी है | आज के युवा कल के भविष्य हैं। उनके हाथों में देश का आने वाला कल है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल, योग, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
मनोज मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश की आजादी का पर्व नहीं, बल्कि अपने समाज को नशे और अस्वास्थ्यकर जीवनशैली जैसी बुराइयों से मुक्त करने का संकल्प लेने का भी अवसर भी है।
रैली के समापन के बाद ओपन जिम पार्क के पास एक छोटा सा स्वास्थ्य जागरूकता क्विज कार्यक्रम रखा गया, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को रोचक एवं प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, मॉर्निंग वॉक, व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं में आर.बी. सहाय, विजय सिंह, कांति सिंह, सरस्वती कुमारी एवं विक्की सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत मे सभी ने आजादी के वीर शहीदों को याद करते हुए स्वतंत्रता दिवस पर यह संकल्प लिया कि समाज को नशे जैसी बुराई से मुक्त करने में अपनी भूमिका निभाएंगे। सभी ने नशे से आजादी, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया

कार्यक्रम में मनोज मिश्रा, आर.बी. सहाय, राधा कांत मिश्रा, विजय कुमार दास, एल.बी. प्रसाद, योगिनी प्रियंका सिंह, जी.डी. चौधरी, शुभश्री दत्ता, रीना देवी, सोमवारी, राजेश कुमार, पूर्व आर्मी मनोज सिंह, बेचन राम, इंकू देवी, रिमझिम कुमारी सहित बड़ी संख्या में संस्था के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
