

संवाददाता, नोवामुंडी।
टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में गुरुवार को डीएवी स्पोर्ट्स फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया.कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ प्रतियोगिता में विभिन्न डीएवी विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया.

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील के चीफ इंजीनियरिंग सर्विस नारायण शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा स्टील नोवामुंडी के हेड एडमिन निशिकांत सिंह , डीडीसी चाईबासा-पश्चिमी सिंहभूम उत्कर्ष कुमार (आईएएस), सविता टोपनो (पंचायती राज पदाधिकारी), उदय प्रताप सिंह (जनसंपर्क अधिकारी, टाटा स्टील एवं पप्पू रजक (बीडीओ, नोवामुंडी) सहित कई गणमान्य अतिथि और विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे.


अतिथियों का स्वागत विद्यालय के बैंड ग्रुप के कप्तान विराज वर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रभक्ति धुनों के साथ किया गया.संगीत मंडली ने स्वागत गान प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया.इसके बाद खिलाड़ियों ने खेल ध्वज फहराने के पश्चात मार्च पास्ट कर अपनी खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया.

क्रीड़ा विभाग के अनुसार अंडर-17 वर्ग में डीएवी चाईबासा, डीएवी चिरिया, डीएवी झींकपानी और डीएवी बिष्टुपुर के कुल 61 खिलाड़ियों ने भाग लिया.वहीं अंडर-19 वर्ग में डीएवी नोवामुंडी, डीएवी बिष्टुपुर और डीएवी गुवा की टीमों के 38 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.प्रतियोगिता क्लस्टर स्तर पर आयोजित की गई, जिसमें डीएवी बिष्टुपुर की अंडर-14 बालक वर्ग की टीम सीधे जोनल स्तर के लिए क्वालिफाई करेगी.
अंडर-17 वर्ग के फाइनल मुकाबले में डीएवी चिरिया ने डीएवी झींकपानी को हराकर खिताब अपने नाम किया। डीएवी झींकपानी प्रथम उपविजेता रही, जबकि डीएवी बिष्टुपुर द्वितीय उपविजेता बनी.

अंडर-19 वर्ग में डीएवी बिष्टुपुर ने डीएवी गुवा को मात देकर विजेता ट्रॉफी हासिल की। डीएवी गुवा द्वितीय उपविजेता और डीएवी नोवामुंडी तृतीय उपविजेता रही.
विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया.विजेता टीमें अब जोनल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
डीडीसी चाईबासा-पश्चिमी सिंहभूम उत्कर्ष कुमार (आईएएस) ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जीत और हार से आगे बढ़कर खेल भावना, मेहनत और निरंतर प्रयास ही खिलाड़ियों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं.
विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने कहा कि डीएवी स्पोर्ट्स का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना और भविष्य के चैंपियंस तैयार करना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी.

मुख्य अतिथि नारायण शर्मा ने कहा, “खेल हमारे जीवन में अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं। हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल के प्रति आपकी लगन और भागीदारी होती है.”
विशिष्ट अतिथि निशिकांत सिंह ने कहा कि विद्यालय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं.खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है.
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे.
