
सरायकेला। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला समिति का पुनर्गठन एवं विस्तार करते हुए नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की है। पार्टी की केंद्रीय टीम के अनुमोदन पर केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो द्वारा जारी सूची में राहुल देव महतो को जिला उपाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के इस निर्णय को संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका, संघर्षशील कार्यशैली और मज़बूत नेतृत्व क्षमता पर केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले वे भाषा-खतियान आंदोलन के दौरान भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे और आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। JLKM के गठन के बाद उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। इन्हीं संगठनात्मक क्षमताओं और समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उनपर भरोसा जताया है।
राहुल देव महतो सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बांकीपुर गांव के निवासी हैं। वे एक साधारण परिवार से आते हैं और वर्तमान में विधि (लॉ) की पढ़ाई कर रहे हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत, सादगी और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर कार्यकर्ताओं के बीच एक जमीनी एवं लोकप्रिय नेता के रूप में पहचान बनाई है। वे लंबे समय से किसानों, युवाओं, मजदूरों तथा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं।
पार्टी द्वारा घोषित नई जिला कार्यकारिणी में दीपक महतो को जिला अध्यक्ष, आदित्य कुमार को नगर अध्यक्ष, रोहित कुमार प्रधान को कोषाध्यक्ष तथा रूपेश वर्मा, विष्णुपद महतो, कृष्ण कुम्हार, कमलेश महतो और सरोज कुमार महतो को महासचिव बनाया गया है। वहीं हेमंत कुमार महतो, प्राणेश्वर प्रसाद, भरत महतो, विश्वनाथ कुमार, प्रेम चंद महतो, पूर्ण शशि महतो, पारसनाथ महतो, नरेन्द्र प्रसाद, राजीव कुमार और अर्जुन महतो को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माधव महतो को जिला प्रवक्ता तथा राजेश कुमार, प्रकाश कुमार महतो और गोपाल महतो को जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी देकर संगठन को और व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया है।
पार्टी नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की नीति, सिद्धांत और जनहित के मुद्दों के प्रति पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया है। साथ ही कहा गया कि आगामी दिनों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं, महिलाओं और किसानों को जोड़ने तथा झारखंडी अस्मिता, भाषा-खतियान, स्थानीय अधिकार और जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। नई जिला समिति के गठन के बाद से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
