
जमशेदपुर, गुरु नानक हाई स्कूल, मानगो में जैक बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में “प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पश्चिमी सिंहभूम के विधायक श्री सरयू राय थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनता दल (यू) के जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव तथा सीजीपीसी (सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) के अध्यक्ष सरदार भगवान सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मानगो के चेयरमैन सरदार कुलबिंदर सिंह पन्नू एवं सीजीपीसी के महासचिव सरदार अमरजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम की सफलता में मानगो गुरुद्वारा के सचिव सरदार जसवंत सिंह जस्सू एवं विद्यालय सचिव सरदार संतोख सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही; इनके सहयोग के बिना यह कार्यक्रम सफल नहीं हो पाता। इस अवसर पर जदयू के पवन सिंह तथा अभिभावक प्रतिनिधि रवींद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। जैक बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय का 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहने पर आयोजन समिति द्वारा प्राचार्य श्री सुरेश सिंह को प्रशस्ति-पत्र (Appreciation Certificate) प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने इस उपलब्धि के लिए प्राचार्य एवं विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए इसे विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण बताया।

समारोह में जैक बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के शीर्ष 10 मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें सुशील प्रमाणिक ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, नितिन कुमार ने 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा सुरोजीत नमता ने 87.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। कोमल ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त वर्षा कुमारी नमता, शुभम कर, पूर्णिमा चंद्रा, स्नेहा शर्मा, जिया दास, अंजलि कुमारी एवं पिहू कुमारी को 85 से 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर ट्रॉफी, नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि श्री सरयू राय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प से प्रत्येक विद्यार्थी सफलता के सर्वोच्च शिखर तक पहुँच सकता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, नैतिक मूल्यों एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्री सुबोध श्रीवास्तव, सरदार भगवान सिंह, सरदार कुलबिंदर सिंह पन्नू एवं सरदार अमरजीत सिंह ने भी विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हुए विद्यालय परिवार के इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
विद्यालय के टॉपर सुशील प्रमाणिक ने अपने अनुभव साझा करते हुए वर्तमान विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, निरंतर अभ्यास एवं आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह का प्रभावशाली एवं गरिमामय मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मधुलिका राय ने किया|
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में मनविंदर कौर, रबींदर कौर, राकेश ओझा, मधुलिका राय, पलविंदर सिंह, कंचन कुमारी, अनीता महतो, बबीता कुमारी एवं अमृत कौर सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे समारोह का सफलतापूर्वक एवं गरिमापूर्ण आयोजन हुआ। यह प्रतिभा सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी, उत्साहवर्धक एवं अविस्मरणीय सिद्ध हुआ।
