
संवाददातॎ, नोवामुंडी
हूल दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर नोवामुंडी बस्ती पंचायत ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की। मुंडा भवन में आधुनिक डिजिटल पुस्तकालय का भव्य उद्घाटन जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में किया गया। इस पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब आधुनिक अध्ययन संसाधनों का लाभ मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
डिजिटल पुस्तकालय का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, पंचायत की मुखिया सुनीता सुरेन, मुंडा मनवीर देव सुरेन, मुंडा घसूवा बारजो, आदिवासी एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष घनश्याम हेंब्रम, मतियस सुरेन् अशोक पान सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल पुस्तकालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का नया केंद्र साबित होगा। यहां आधुनिक तकनीक से जुड़ी अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और नियमित पढ़ाई में बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगी और युवाओं को आगे बढ़ने की नई दिशा देगी।

उद्घाटन समारोह से पूर्व आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से पुस्तकालय संचालन समिति का गठन किया गया। समिति में मनवीर देव सुरेन को अध्यक्ष तथा घनश्याम हेंब्रम को सचिव चुना गया। नवगठित समिति ने पुस्तकालय का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक इसकी सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह रहा। अतिथियों ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। हूल दिवस पर शिक्षा को समर्पित यह पहल पूरे क्षेत्र के लिए एक नई उम्मीद और विकास की मिसाल बन गई।
