
कांड्रा (संवाददाता): सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत बांधकुली बस्ती से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहाँ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चंदन कुमार दे के घर में बिजली के हाई ओर लो वोल्टेज के कारण अचानक मिक्सी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर के अंदर गहरा धुआं भर गया, जिससे पूरे परिवार और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मिक्सी को एक टेबल पर रखा गया था। हाई वोल्टेज का करंट प्रवाहित होते ही मिक्सी में ब्लास्ट के साथ आग लग गई। इस घटना में मिक्सी के साथ-साथ वह टेबल और पास में ही लगे टेलीविजन का सेट-टॉप बॉक्स भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि आग मुख्य टीवी स्क्रीन तक पूरी तरह पहुँचने से पहले ही काबू में आ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह घटना घटी, उस समय सोशल इन्फ्लुएंसर चंदन कुमार दे किसी काम से घर से बाहर थे। घर में मौजूद परिजनों ने जब धुआं और आग की लपटें देखीं, तो तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए। घर के सदस्यों और ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले घर के मेन स्विच को ऑफ किया और राहत कार्य में जुट गए। इसके बाद ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत और भारी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। इस घटना के बाद सोशल इन्फ्लुएंसर चंदन कुमार दे और स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि कांड्रा के कई क्षेत्र पिछले कुछ महीनों से बिजली के अत्यधिक हाई और लो वोल्टेज की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। कभी वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि पंखे तक नहीं चलते, तो कभी इतना हाई हो जाता है कि कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक रहे हैं। चंदन कुमार दे और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि क्षेत्र में फॉल्ट को दुरुस्त कर इस समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।
