
कांड्रा। स्थानीय क्षेत्र और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों बिजली की धीमी सप्लाई के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी कम वोल्टेज की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों को इस भीषण गर्मी में तड़पने पर मजबूर कर दिया है। उचित वोल्टेज न मिलने के कारण घरों में न तो पंखे चल पा रहे हैं, न कूलर और न ही एसी काम कर रहे हैं। स्थिति यह है कि उमस और तपती गर्मी के मारे छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का बुरा हाल है और लोग रात-रात भर चैन की नींद सोने को तरस रहे हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी निराशा और दुख देखा जा रहा है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि वे हर महीने समय पर अपने बिजली के बिल का पूरा भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त मात्रा में बिजली मिलना तो दूर, बिजली की इस मंदी की मार झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने विभाग के सामने अपनी चिंता रखते हुए कहा कि जब भुगतान पूरा और समय पर हो रहा है, तो उन्हें उनके हक की पूरी बिजली क्यों नहीं दी जा रही है?
वोल्टेज के इस खराब स्तर को लेकर जब स्थानीय बिजली मिस्त्री से जानकारी ली गई, तो उन्होंने इसका मुख्य तकनीकी कारण बताया कि क्षेत्र के ट्रांसफार्मर में लगा अर्थिंग पूरी तरह से सूख चुका है, जिसके कारण आगे सही वोल्टेज की सप्लाई नहीं हो पा रही है। इस तकनीकी गड़बड़ी को समय रहते ठीक न किए जाने की वजह से दिन-ब-दिन समस्या और विकराल होती जा रही है।
इस भीषण संकट से त्रस्त ग्रामीणों ने अब बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि ट्रांसफार्मर के अर्थिंग को तुरंत दुरुस्त किया जाए। ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में उचित वोल्टेज की बहाली जल्द से जल्द की जाए, ताकि इस जानलेवा गर्मी में आम जनता को राहत मिल सके और लोग चैन की सांस ले सकें।
