
नोवामुंडी कॉलेज में वाणिज्य विभाग द्वारा “बैंकिंग एवं वित्त के क्षेत्र में साइबर सुरक्षा” विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजीत विश्वास ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से डिजिटल हो रहा है और डिजिटल तकनीक के माध्यम से पूरी दुनिया हमारी मुट्ठी में सिमट गई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई और डिजिटल लेन-देन ने लोगों के जीवन को आसान बनाया है, लेकिन दूसरी ओर साइबर अपराधी हमारी “बंद मुट्ठी” से पैसा गायब कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों को जागरूक करते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहकर ही हम इस प्रकार के अपराधों से बच सकते हैं।

कॉलेज के IQAC कोऑर्डिनेटर कुलजिंदर सिंह ने अपने संबोधन में “डिजिटल अरेस्ट” के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी एजेंसियों के नाम पर लोगों को फोन कर डराते हैं और उन्हें मानसिक दबाव में लेकर ठगी का शिकार बनाते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर हेल्पलाइन में शिकायत करें।
कॉमर्स विभाग के सहायक प्राध्यापक नरेश कुमार पान ने फिशिंग और फिशर के उदाहरण देते हुए बताया कि साइबर अपराधी ई-मेल, मैसेज या फोन कॉल के माध्यम से लोगों की गोपनीय बैंकिंग जानकारी प्राप्त करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि लालच, भय और जल्दबाजी साइबर अपराधियों के सबसे बड़े हथियार हैं। इसलिए किसी भी बैंकिंग जानकारी को साझा करने से पहले पूरी तरह सतर्क रहना आवश्यक है।
सेमिनार में उपस्थित सहभागी छात्र- छात्राओं ने साइबर अपराध से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन और डिजिटल जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम का संचालन कॉमर्स विभाग के सहायक प्राध्यापिका शान्ति पुरती एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर राजकरण यादव ने किया कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल युग में सुरक्षित और जागरूक नागरिक बनाना था। कार्यक्रम सहायक प्राध्यापक परमानंद महतो, साबिद हुसैन , दिवाकर गोप, कुलजिंदर सिंह, धनी राम महतो, तन्मय मंडल, नरेश कुमार पान, भवानी कुमारी, मंजू लता सिंकू, सुमन चातोम्बा सहित काफी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
